तांत्रिक ने घड़े में रखवाया जेवर, खोला तो मिला पत्थर
झारखंड : झारखंड में धनबाद के जेसी मल्लिक रोड में रहनेवाले आशीष कुमार सेनगुप्ता और उनके परिवारवालों को झांसा देकर दो तांत्रिकों ने उनके सवा लाख रुपए के गहने उड़ा लिए। तांत्रिकों ने घर में शांति लाने के नाम पर एक घड़े में गहनों को रखवाया था। झांड़फूंक के दौरान घड़े से गहने निकाल कर तांत्रिकों ने उसमें पत्थर रख दिया और चंपत हो गए। आशीष ने मामले की शिकायत धनबाद थाने में की है। आशीष ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके घर में कुछ परेशानी चल रही थी। वे पिछले दिनों दुर्गापुर गए हुए थे। वहां बाजार में उनका संपर्क एक तांत्रिक से हुआ था। उन्होंने तांत्रिक को अपनी परेशानी बताई तो तांत्रिक ने झाड़फूंक से परेशानी को दूर करने का भरोसा दिया। 15 नवंबर को आशीष ने तांत्रिक को धनबाद बुलाया। दो तांत्रिक उनके घर पहुंचे थे। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर नवीन कुमार राय ने लोगों से ऐसे झाड़फूंक करने वालों से सचेत रखने की अपील की है। माना जा रहा है कि तांत्रिक बंगाल के हैं। तांत्रिकों ने पूजा पाठ और अनुष्ठान के बहाने आशीष की पुत्र से कुछ जेवरात लाने को कहा। गहनों को तांत्रिक ने एक कपड़े में बांध कर एक घड़े में रख दिया। आशीष और उनकी पुत्री को 21 बार आंख बंद कर पूजा घर में सिर झुकाने को कहा। इसी क्रम में घड़े से जेवर निकाल कर उसमें पत्थर रख दिया। तांत्रिकों ने रात आठ बजे से पहले घड़े से वस्त्र और जेवर निकालने से मना किया था। कहा गया था कि रात आठ बजे के बाद जेवर निकाल कर पहन लेना। घर में शांति आएगी और सारी समस्याएं दूर हो जाएंगी। इसके बाद दोनों चले गए। जब आशीष ने रात में घड़े से कपड़ा निकाला तो उसमें जेवर की जगह पत्थर थे।