सेक्युलर राह पर चलेगी मविआ सरकार
मुंबई : महाराष्ट्र में सरकार बनाने से पहले शिवसेना-राकांपा और कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर अपने गठबंधन के नाम का ऐलान करते हुए कॉमन मिनिमम प्रोग्राम भी जारी कर दिया है। तीनों दलों ने गठबंधन को 'महा विकास अघाड़ी' नाम दिया है। इस कॉमन मिनिमम प्रोग्राम की शुरुआत में ही कहा गया है कि यह गठबंधन संविधान में वर्णित धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को लेकर प्रतिबद्ध है। इसके अलावा इसमें किसानों को लेकर कई तरह के ऐलान किए गए हैं। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने बताया कि इस कॉमन मिनिमम प्रोग्राम पर शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे, राकांपा प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के हस्ताक्षर हैं। महा विकास आघाड़ी की प्रेस कांफ्रेंस में शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता की शंकाएं अब खत्म हो गई हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में तीनों दल सरकार बनाने के लिए राजी हो गए हैं। उन्होंने बताया, 'शिवाजी पार्क में शिवाजी महाराज और शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे को साक्षी मानकर शपथ ग्रहण किया जाएगा।' आपको बता दें कि शिवाजी पार्क में ही बाल ठाकरे का स्मारक भी है।