मुंबई : डंपर की टक्कर से दो की मौत
मुंबई, तेज गति से आ रहे एक डंपर ने तीन लोगों को टक्कर मार दिया जिसमें दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि एक गंभीर रुप से जख्मंी हुआ है। यह घटना लोअर परेल के बावला मस्जिद के पास सोमवार की रात को हुयी है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गयी। इस बारे में मिली जानकारी के मुताबिक लोअर परेल के ना.म. जोशी मार्ग पर बावला मस्जिद के पास मोनो रेल स्टेशन पुल के नीचे सोमवार रात 11.30 बजे यह घटना घटी। नशे में धुत एक डंपर चालक तेज गति से पुल के नीचे से जा रहा था। उसी समय चालक का नियंत्रण डंपर से छूट गया और डम्पर की टक्कर से एक टैक्सी क्षतिग्रस्त हो गई तथा एक कार चकनाचूर हो गयी। जिसके बाद डंपर चालक ने सड़क पर तीन लोगों को कुचलते हुए घटनास्थल से भागने की कोशिश की जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नायर अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान कल्याण के 59 वर्षीय संजय सखाराम पवार के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस घटना की सूचना पाते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मोनो रेल पुल के नीचे एकत्र हो गयी। हादसे की जानकारी मिलते ही शिवसेना के पूर्व विधायक सुनील शिंदे घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया।