नाशिक : कोरोना मुक्त होगा नाशिक जिले का दूसरा मरीज
नाशिक : पूरी दुनिया में कोरोना ने हाहाकार मचा रखा है. राज्य में कोरोना बाधितों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है. नाशिक में भी पॉजिटिव मरीजों के मिलने से यहां भी लोगों में डर बैठा हुआ है. उसमें एक दिलासादायक खबर सामने आई है. नाशिक के गोविंदनगर इलाके के मरीज की 4 अप्रैल को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. उसके बाद शनिवार को 18 अप्रैल को उसी पॉजिटिव मरीज की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है.
इस रिपोर्ट के कारण नाशिकवासियों को थोड़ी राहत मिली है. इस मरीज की तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर वह जिला का दूसरा कोरोना मुक्त मरीज बन जाएगा. सुमंगल सोसायटी, मनोहर नगर, गोविंदनगर इलाके में यह मरीज पाया गया था. बाद में मनपा आयुक्त राधाकृष्ण गमे ने सुमंगल सोसायटी के तीनों ओर से तीन किलोमीटर का इलाका 15 दिनों के लिये प्रतिबंधित कर दिया था.
नाशिक के पालक मंत्री छगन भुजबल के निवास स्थान से एक से डेढ़ किलोमीटर के अंतर में यह मरीज पाया गया था. उसके बाद मनोहर नगर और गोविंद नगर से तीन किलोमीटर का इलाका सील कर दिया गया था. उस समय मनपा आयुक्त ने उस इलाके का दौरा भी किया था. स्वास्थ्य कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे. 6 अप्रैल को इस इलाके के सभी निवासियों के स्वास्थ्य की जांच भी की गई थी. शहर के उस पहले कोरोना मरीज के जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद की जा रही है.