ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 13 लाख, यहां 57 हजार लोगों की जान गई; दुनिया में 1 करोड़ से ज्यादा मरीज और 5 लाख मौतें हुईं
वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या शनिवार रात 1 करोड़ के पार हो गई। इनमें 54 लाख 58 हजार 367 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 01 हजार 298 लोगों ने जान गंवाई हैं। सबसे संक्रमित देश अमेरिका में 24 घंटे में 40 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। यहां मरीजों की संख्या 25 लाख से ज्यादा हो गई है। वहीं, अब तक 1.28 लाख मौतें हो चुकी हैं। उधर, ब्राजील में संक्रमण के मामले 13 लाख से ज्यादा हो गए हैं। वहीं, 57 हजार लोगों की जान जा चुकी है।
चीन: 17 नए केस मिले
चीन में शनिवार को कोरोनावायरस के 17 नए केस मिले हैं। सात बिना लक्षण वाले मरीजों की भी पुष्टि हुई है। नेशनल हेल्थ कमीशन ने बताया कि 24 घंटे में सात मरीज ठीक भी हुए हैं। 17 संक्रमित मिले मरीजों में से 14 स्थानीय थे। इनमें से ज्यादातर बीजिंग के थे। देश में संक्रमितों की संख्या अब 83 हजार 500 हो चुकी है, जबकि मरने वालों की संख्या 4,634 हो चुकी है। देश में अब तक 78 हजार 451 लोग ठीक हो चुके हैं।
नेपाल: सभी 77 जिले प्रभावित
स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल में संक्रमण के मामले 12 हजार हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता जोगेश्वर गौतम ने कहा कि देश के सभी 77 जिले कोरोना से प्रभावित हो गए हैं। शनिवार को सरकार ने 554 नए मामलों के सामने आने की पुष्टि की थी। यहां मरने वालों की संख्या 27 है। नेपाल में मई से ही कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है।
ब्राजील: 57 हजार से ज्यादा मौतें
ब्राजील में 24 घंटे में कोरोनावायरस से 1,109 लोगों की मौत हुई है। यहां मरने वालों की संख्या 57,070 हो गया है। वहीं, एक दिन में संक्रमण के 38,693 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या 13 लाख 13 हजार 667 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 7 लाख 15 हजार लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं। ब्राजील के साओ पाउलो शहर के मेयर ने घोषणा की है कि रेस्टोरेंट, बार, पब और सैलून खोलने की योजना टाली जा सकती है।
ब्रिटेन: 6 जुलाई से विदेश यात्राओं से प्रतिबंध हटेगा
ब्रिटेन दुनिया में पांचवां सबसे संक्रमित देश है। यहां संक्रमण के अब तक 3.10 लाख मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 43 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। ब्रिटेश सरकार ने 6 जुलाई से विदेश यात्राओं पर लगे प्रतिबंधों का हटाने का फैसला किया है। ये छूट कुछ यूरोपीय देशों के लिए होंगे। इसके तहत जिन देशों में मामले कम हैं, वहां से आने पर क्वारैंटाइन नहीं होना होगा।
द.कोरिया: 12 हजार से ज्यादा संक्रमित
दक्षिण कोरिया में 24 घंटे में 62 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों की कुल संख्या 12,715 हाे गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि राजधानी सियोल में 14 और ग्येओंग्गी प्रांत 17 मामले मिले हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, द.कोरिया में कोरोना से 280 लोगों की मौत हो चुकी है और 11,364 लोग ठीक हो चुके हैं।