BMC के एक और सीनियर अफसर की कोरोना वायरस से मौत
मुंबई. देश में कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus) का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है. महाराष्ट्र इससे सबसे ज्यादा प्रभावित है. वहीं, अकेले मुंबई (Mumbai) में कोविड-19 (COVID-19) के 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. इस बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक और कमिश्नर की शनिवार को कोरोना वायरस से मौत हो गई. वह मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में एक वार्ड के प्रभारी थे. इससे पहले जून महीने में भी बीएमसी के एक कमिश्नर की इस महामारी से मौत हो चुकी है. वह बीएमसी में वॉटर सप्लाई डिपार्टमेंट के इंचार्ज थे. वहीं ठाणे में एक नगर निगम पार्षद की भी कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है.
मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,354 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 90 हजार से अधिक हो गई है. बृहन्नमुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने यह जानकारी दी. निगम के अनुसार शहर में अब कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 90,149 हो गई है. इसके अलावा 73 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 5,202 तक पहुंच गई है. बीएमसी ने कहा कि शुक्रवार को 73 रोगियों की मौत के जो मामले सामने आए, उनमें से 54 रोगियों को अन्य गंभीर बीमारियां भी थीं. निगम के अनुसार शुक्रवार को 2,183 रोगियों को छुट्टी मिल गई, जिसके साथ ही ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 61,934 हो गई है. शहर में रोगियों की ठीक होने की दर 68 प्रतिशत है. मुंबई में अब भी 22,738 लोग कोविड-19 से पीड़ित हैं. इसके अलावा 905 नए संदिग्ध रोगियों को शहर के अस्पतालों में भर्ती किया गया है.