अपनी किताब लिख रहीं रिचा चड्ढा
अपने विचारों को कलम के जरिए पन्नों पर समेटना भी एक कला है। तकनीक के जमाने में कलम से लिखी चीज बेहद खास होती है। वक्त की कमी के चलते ज्यादातर कलाकार अपनी किताब सहयोगियों से लिखवाते हैं। लेकिन बात करें अगर अभिनेत्री रिचा चड्ढा की तो उन्होंने ऐसा नहीं किया।रिचा अपनी किताब खुद लिख रही हैं। पिछले साल उन्होंने अपनी किताब लिखनी शुरू की थी।
लॉकडाउन के वक्त को उन्होंने अपने लिए बेहद अच्छे तरह से इस्तेमाल किया। उन्होंने किताब का एक बड़ा हिस्सा जनवरी तक खत्म कर लिया था। लॉकडाउन के दौरान वह अपनी किताब का शेष हिस्सा पूरा करने में लगी रहीं। रिचा का कहना है कि इस किताब को लिखना मेरे लिए एक अनुभव रहा है। मैंने इस किताब में अपना दिल खोलकर रख दिया है। लोगों को मेरे दुनिया की झलक इस किताब में दिखेगी। लिखने में मजा आ रहा है। मुझे अपनी भावनाओं को जाहिर करने की एक नई दिशा मिली है। उम्मीद है कि दर्शक मेरे शब्दों से जुड़ेंगे। रिचा की यह किताब लगभग पूरी हो चुकी है।