इंदौर : शहर में सामान्य हुआ सीधा जल प्रदाय
इंदौर : नगर निगम के नर्मदा प्रोजेक्ट द्वारा छह नवंबर से लिया गया दो दिन का शटडाउन शनिवार को खत्म हो गया। रविवार सुबह से शहर में नर्मदा तृतीय चरण से होने वाला सीधा जलप्रदाय सामान्य रूप से किया गया। हालांकि शटडाउन के कारण शनिवार को टंकियां नहीं भरी जा सकीं, इसलिए उनसे जुड़े इलाकों में रविवार सुबह होने वाला जलप्रदाय नहीं हो सका।
नर्मदा परियोजना शहर के कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार सुबह से जल प्रदाय सामान्य हो गया है। जलूद में नर्मदा तृतीय चरण के पंपों को शनिवार रात 11:00 बजे से चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया। 90-90 एमएलडी के चार पंपों के शुरू होने से रविवार अलसुबह पानी शहर पहुंच गया। इससे नर्मदा तृतीय चरण से शहर को मिलने वाले 360 एमएलडी पानी की आपूर्ति बहाल हो गई।
यंत्री ने बताया कि रविवार दिनभर टंकियां भरी जाएंगी और सुबह-शाम के समय तय क्षेत्रों में सीधा जलप्रदाय किया जाएगा। सोमवार से शहर की टंकियों से भी सामान्य मात्रा में जलप्रदाय होगा। यंत्री ने बताया कि शटडाउन के दौरान के सभी निर्धारित काम पूरे कर दिए गए हैं, लेकिन एलआइजी चौराहे का काम अधूरा है। अब यह काम बाद में करेंगे।
एलआइजी चौराहे पर नर्मदा लाइन के लिए की गई खोदाई ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि, गड्ढा अस्थायी रूप से भर दिया गया है, लेकिन सड़क का मध्य भाग खुद गया है। यहां त्रिवेणी गार्डन के पास बनी टंकी और जनता क्वार्टर की टंकी को भरने वाली फीडर लाइन को एलआइजी चौराहे पर जोड़ने का कार्य किया जा रहा था, जो अधूरा छोड़ना पड़ा।