सचिन सावंत हत्याकांडः दबोचा गया मुख्य साजिशकर्ता
मुंबई: कांदिवली-पूर्व निवासी सचिन सावंत की सनसनीखेज हत्या मामले में मुख्य साजिशकर्ता उमेश साहनी को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-१२ ने लगभग ११ महीने बाद दबोच लिया है। बता दें कि ४६ वर्षीय सावंत की २२ अप्रैल, २०१८ को उनके घर से महज २०० मीटर की दूरी पर हत्या कर दी गई थी। १० मई, २०१८ को इस मामले में कुरार पुलिस ने लोकेश सिंह, अभय सालुंके पाटील उर्फ बारक्या, सतेंद्र रामजी उर्फ सोनू, निलेश शर्मा, बृजेश पाटील उर्फ ब्रिजा, अमित सिंह और बृजेश सिंह नामक ७ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जबकि मुख्य साजिशकर्ता उमेश साहनी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। सावंत के परिजनों ने कुरार पुलिस पर उमेश की गिरफ्तारी को लेकर उदासीन हाेने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में याचिका दायर की थी और मामला क्राइम ब्रांच को सौंपने की मांग की थी। ५ मार्च को कोर्ट के निर्देश पर मामला यूनिट-१२ को सौंप दिया गया। यूनिट- १२ के अधिकारियों को जांच में पता चला कि उमेश वारदात के बाद यूपी स्थित अपने गांव भाग गया था तथा कुछ समय पहले वह मुंबई आया था। वह पालघर जिले के बोइसर, नालासोपारा, विरार आदि इलाकों में अपना ठिकाना बदल-बदल कर रह रहा था। इसी दरम्यान उमेश की तलाश में लगी यूनिट-१२ की टीम को उसके दहिसर में आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर उमेश को दबोच लिया। उसके खिलाफ कुरार पुलिस थाने की हद में वर्ष २००४ में एक और हत्या का मामला पहले से ही दर्ज है।