कोरोना नियमों का उल्लंघन, १५,३२२ मामले दर्ज
मुंबई, देश भर में जहां कोरोना की दूसरी लहर देखने को मिल रही है, वहीं लोगों की लापरवाही थमने नाम नहीं ले रही। जहां प्रशासन लोगों को मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का पालन करने, भीड़ न करने की बात कह रहा है, वहीं कई लोगों द्वारा इन नियमों को रौंदा जा रहा है। दूसरी लहर में, पिछले डेढ़ महीने में कोरोना नियमों के उल्लंघन के सबसे अधिक साढ़े ३ हजार मामले उत्तर मुंबई में दर्ज किए गए हैं। पूरी मुंबई में ५ अप्रैल से अब तक १५,३२२ मामले दर्ज किए गए हैं। बता दें कि पहली लहर के दौरान, मुंबई पुलिस ने २७,००० से अधिक मामले दर्ज किए थे।
कोरोना की दूसरी लहर आते ही राज्य सरकार ने मुंबई समेत पूरे राज्य में सख्त पाबंदियां लगा दी हैं। मुंबई पुलिस भी एक्शन में आ गई और नियमों का पालन करवाना और उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ मामले फिर से दर्ज करना शुरू कर दिया है। ५ अप्रैल को फिर से शुरू हुई इस कार्रवाई में १५,३२२ मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें उत्तरी मुंबई में सबसे ज्यादा लापरवाही बरतने के मामले दर्ज किए गए हैं। उत्तरी मुंबई में ३,५०८ मामले हैं, इसके बाद मध्य मुंबई में ३,४७८ मामले दर्ज किए गए हैं। उत्तर मुंबई में बिना वजह घर से बाहर निकलने वालों के खिलाफ १,२३४, दुकानों के खिलाफ १,१४१, मास्क न पहनने वालों के खिलाफ ६३१, सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ लगानेवालों के खिलाफ २८६, अवैध यातायात के खिलाफ ९७ और पेडलर्स के खिलाफ ४७ मामले दर्ज किए गए हैं। इससे पता चलता है कि उत्तरी मुंबई में कोरोना नियमों के पालन में ज्यादा लापरवाही बरती जा रही है।
दक्षिण मुंबई में ज्यादा घुमक्कड़
डेढ़ महीने में मुंबई पुलिस द्वारा दर्ज किए गए कुल मामलों के अनुसार, सबसे कम २,६७२ मामले दक्षिण मुंबई में दर्ज किए गए हैं। हालांकि, यह संख्या कुल संख्या से कम है लेकिन बिना वजह घूमने वालों के खिलाफ १,४९१ मामले दर्ज किए गए हैं। मध्य मुंबई में १,२६६, उत्तरी मुंबई में १,२३४, पूर्वी उपनगरों में ६८५ और पश्चिमी उपनगरों में ५३८ मामले दर्ज किए गए हैं।