Latest News

मुंबई : मुंबईकरों को अब जल्द ही गर्मी से निजात मिलने वाली है। इसी के साथ अब छतरी और रेनकोट का इंतजाम भी करना होगा। मुंबई में गुरुवार को प्री-मॉनसून ने दस्तक दी है। इस प्री-मानसून को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने मुंबई में 8 जून तक मॉनसून आने की संभावना जताई है। चक्रवात के पहले और चक्रवात के बाद एक बार फिर उमस भरी गर्मी ने मुंबईकरों को हैरान किया है। चक्रवात के बाद मुंबई का न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। गौर करने वाली बात यह है कि न्यूनतम तापमान में इतनी वृद्धि हुई है कि दिन और रात के तापमान में महज 5 डिग्री का अंतर है।

क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को मुंबई शहर का अधिकतम तापमान 33.5 और उपनगर का 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शहर का न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री और उपनगर का 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग की अधिकारी शुभांगी भुते ने बताया कि गुरुवार को सुबह मुंबई और ठाणे के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। भुते ने इसे प्री-मॉनसून बताया है।

मौसम विशेषज्ञ दिनेश मिश्रा ने बताया कि रविवार की तरह गुरुवार की सुबह मुंबई के कुछ हिस्सों में बरसात हुई थी। यह संकेत है कि प्री-मॉनसून ने दस्तक दे दी है। उन्होंने बताया कि मुंबई में सुबह या फिर शाम के बाद कुछ इलाकों में हल्की फुल्की बरसात शुरू हो जाएगी। मौसम वैज्ञानिक दिनेश मिश्रा ने बताया कि आगामी एक दो दिन में मॉनसून 30 अप्रैल तक केरल पहुंच जाएगा। उसके बाद 8 से 9 जून के बीच मुंबई में मॉनसून की शुरुआत हो जाएगी। डॉ. दीपक बैद ने बताया कि मौसम में जब भी परिवर्तन होता है, तो इसका असर सीधे स्वास्थ्य पर पड़ता है। लोगों में वायरल फीवर आम बात हो जाती है। इसलिए लोग सतर्क रहें और पौष्टिक आहार लेकर स्वस्थ रहें। इसी के साथ डेंगू, मलेरिया, लेप्टोस्पाइरोसिस जैसी अन्य मॉनसूनी बीमारियों से भी बचें।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement