लोनावला सैर की योजना पर ग्रहण, ऑनलाइन ठगों ने लूटा
मुंबई, दक्षिण मुंबई स्थित मालाबार हिल में रहनेवाली एक महिला के लोनावला सैर की योजना पर ‘साइबर ग्रहण’ लग गया। दरअसल, वैशाली (बदला हुआ नाम) ने लोनावला में बंगला बुक करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। सोशल मीडिया पर बंगला ढूंढते हुए वह साइबर ठगी का शिकार हो गई और ५० हजार रुपए गंवा दिए।
दरअसल, वैशाली छुट्टी मनाने के लिए परिवार के साथ लोनावला जाने की सोच रही थी। वहां रुकने के लिए उन्होंने लोनावला के कुने गांव में एक बंगला इंस्टाग्राम पर देखा। दिए गए नंबर पर बात करने पर सामनेवाले व्यक्ति ने बताया कि एक रात रहने की कीमत २८ हजार रुपए होगी। वैशाली ने उसे २४ हजार करने के लिए कहा और थोड़ी देर बाद वह मान गया। ३ दिन रहने के लिए कीमत ७२ हजार रुपए तय की गई। एडवांस के तौर पर वैशाली ने उसे ३० हजार रुपए दे दिए। १९ जून को वैशाली ने एक बार फिर फोन किया और पूछा कि उसे २ जुलाई से लेकर ४ जुलाई तक २५ लोगों के लिए बंगला बुक करना है। इसके बाद सामनेवाले व्यक्ति ने कहा कि बुकिंग उपलब्ध है और इसके लिए ४५ हजार रुपए लगेंगे। इसके बाद वैशाली ने उसे २० हजार रुपए दे दिए। २४ जून को सामनेवाले व्यक्ति ने वैशाली को फोन कर कहा कि बंगले में शार्ट सर्किट हो गया है, जिसकी वजह से बिजली चली गई है। इसके बाद उसने बुकिंग रद्द करने के लिए कहा और बताया कि रिफंड मिल जाएगा। जब रिफंड नहीं मिला तो वैशाली ने उसे फोन करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वैशाली ने अपने एक रिश्तेदार को बंगले के पते पर भेजा लेकिन पता चला कि ऐसा कोई बंगला है ही नहीं। ठगी होने का एहसास होने पर वैशाली ने मालाबार पुलिस का रुख कर मामला दर्ज कराया।