छह महीने बाद इलेक्ट्रिक विक्टोरिया कैरिज की शानदार शुरुआत
मुंबई, हेरिटेज टूर के साथ मुंबई में इलेक्ट्रिक विक्टोरिया कैरिज की एक बार फिर से वापसी हुई है। इलेक्ट्रिक विक्टोरिया टूर का मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के हाथों लोकार्पण हुआ था। इसके बाद अचानक कोरोना संक्रमण के बढ़ने पर संचारबंदी लगने से इसे भी रोक दिया गया था। यह करीब छह महीने से बंद था। कोरोना के मामले कम होने और राज्य सरकार के नियमों में ढील दिए जाने के बाद कल शनिवार को फिर से इसकी दक्षिण मुंबई से वापसी हुई। अब पर्यटक सप्ताहांत में इस कैरिज से प्रतिष्ठित किलों की विरासत का दर्शन कर सकेंगे।
ज्ञात हो कि मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया परिसर में विक्टोरिया हॉर्स कैरिज करीब एक सदी तक चला था। इसे देखते हुए राज्य के परिवहन विभाग ने २०२१ की शुरुआत में इलेक्ट्रिक विक्टोरिया कैरिज को गेटवे ऑफ इंडिया के आस-पास चलाने की अनुमति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।
शहर की ऐतिहासिक खाकी टूर्स नामक कंपनी हेरिटेज टूर चलाएगी। यह टूर मुंबई के काला घोड़ा स्थित लायंस गेट से शुरू होगा, जो पर्यटकों को लेकर हुतात्मा चौक, डॉ. डीएन रोड के रास्ते सीएसएमटी होते हुए फिर से काला घोड़ा पर समाप्त होगा।
बैटरी से चलनेवाली विक्टोरिया गाड़ियां २० किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलेंगी। ये पर्यावरण के अनुकूल हैं और शहर की पुरानी विरासत में वापस ले जाएंगी। पर्यटकों को हेरिटेज टूर की सवारी कराने के लिए खाकी टूर्स के साथ करार किया गया है।
कैरिज का वजन लगभग ६५० किलोग्राम है और ये इको-प्रâेंडली लिथियम-आयन बैटरी से चलता है, जो एक बार चार्ज करने पर ६० से ७० किमी तक सवारियों को सफर कराएगी।
प्रत्येक टूर करीब ४०-४५ मिनट का होगा। विक्टोरिया द्वारा दी जानेवाली आनंदमय सवारी को अधिकांश मुंबईवासी याद करते हैं। यह मुंबई की परिवहन विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भी रहा है। खाकी टूर्स के भरत गोथोस्कर के मुताबिक यह हेरिटेज टूर के लिए एकदम सही है। साथ ही लोगों के लिए यह एक आनंदमयी सवारी साबित होगा।