18.5 लाख रुपए की ड्रग्स के साथ नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
नालासोपारा : नालासोपारा में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.5 लाख रुपये के ड्रग्स के साथ एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बुधवार रात करीब 11 बजे तुलिंज पुलिस स्टेशन की टिम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस को खबर मिली थी कि एक नाइजीरियाई नागरिक नालासोपारा (पूर्व) के यशवंत हाइट्स, सेंट्रल पार्क परिसर में ड्रग्स बेचने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की और आरोपी चुक्वू एमेका को गिरफ्तार कर लिया।
48 वर्षीय चुक्वू मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है और वर्तमान में खारघर, नवी मुंबई में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से 92.12 ग्राम ड्रग्स बरामद किया, जिसमें विभिन्न प्रकार की टैबलेट्स और एमडी ड्रग (मेथाम्फेटामाइन) शामिल हैं। जब्त किए गए मादक पदार्थों की कुल कीमत 18,50,000 रुपये बताई जा रही है।