ठाणे : दवाइयों की आड़ में शराब तस्करी का पर्दाफाश... 1.66 करोड़ की गोवा में बनी शराब जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार
ठाणे : ठाणे जिले में दवाइयों के नाम पर दूसरे राज्य से शराब की तस्करी का मामला सामने आया है। शराब तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक नया और शातिर तरीका अपनाया, लेकिन राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की सतर्कता के आगे उनकी चालाकी धरी की धरी रह गई। राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के फ्लाइंग स्क्वॉड ने करीब 1 करोड़ 66 लाख रुपये का गोवा निर्मित विदेशी शराब जब्त की है। शराब तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि नकली कागजों की मदद से दवाइयों की आड़ में दूसरे राज्य यानी गोवा में बनी विदेशी शराब ले जाई जा रही है। राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के अधीक्षक (ठाणे-1) प्रवीण तांबे के निर्देश पर फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने मुंबई-नासिक रोड पर खारेगांव टोल नाका से माजीवाड़ा रोड इलाके में जाल बिछाया। शाम करीब साढ़े छह बजे एक सफेद कंटेनर की जांच की गई। इस जांच के दौरान गाड़ी में एक बॉक्स मिला। जब इन बॉक्स को खोला गया तो उनमें रॉयल ब्लू माल्ट व्हिस्की की 180 ML की बड़ी मात्रा में बोतलें मिलीं। विदेशी शराब स्क्वॉड ने कुल 1450 बॉक्स (12528 लीटर) विदेशी शराब जब्त की।
आबकारी विभाग ने शराब तस्करों के कंटेनर समेत कुल 1,66,11,500 रुपये का सामान भी जब्त किया गया है। इस मामले में राज्य उत्पादन शुल्क विभाग ने केस दर्ज करके ड्राइवर परगट सिंह करतार सिंह और अमृतबीर सिंह हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। ठाणे में शराब तस्करी के इस मामले को उजागर करने में राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के अधीक्षक (ठाणे-1) प्रवीण तांबे, प्रभारी उप अधीक्षक (ठाणे-1) आनंद पवार और उप अधीक्षक (ठाणे-1) रत्नमाला गायकवाड़ के मार्गदर्शन में निरीक्षक एम. पी. धनखेडे, उप निरीक्षक एन. आर. महाले, एस. आर. मिसाल, सहायक उप निरीक्षक वी. जी. थोरात के साथ ही पीएस नागरे, पीपी महाजन, डीके पाटिल, एस. एस. यादव, पी.पी. पाटिल, एम. जी. शेख और अन्य अधिकारी और कर्मचारियों ने यह कार्रवाई की है।