मुंबई-पुणे सफर होगी आसान! अटल सेतु को एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला कनेक्टर 67% पूरा, 90 मिनट तक बचेगा समय
मुंबई - मुंबई से पुणे जाने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत मिलने वाली है। अटल सेतु (मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक) को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली 7.35 किमी लंबी 6-लेन की एलिवेटेड कनेक्टर परियोजना का 67 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
नवी मुंबई एयरपोर्ट और जेएनपीए की कनेक्टिविटी
एमएमआरडीए की इस बहुउद्देश्यीय परियोजना से जहां पनवेल जंक्शन को जाम से मुक्ति मिलेगा वहीं मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट और जेएनपीए तक मजबूत कनेक्टिविटी होगी। इसके शुरू होने पर दक्षिण मुंबई से पुणे के बीच यात्रा समय में करीब 60 से 90 मिनट तक की बचत होने का अनुमान है।
इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा पनवेल के व्यस्त मुख्य जंक्शन पर देखने को मिलेगा। फिलहाल अटल सेतु से आने वाला यातायात पनवेल में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख राजमार्गों के वाहनों के साथ मिल जाता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है।
चिर्ले में नींव का काम 100 फीसदी पूरा
यह एलिवेटेड कॉरिडोर वाहनों को इस भीड़भाड़ वाले जंक्शन से बचाते हुए सीधे एक्सप्रेसवे तक पहुंचाएगा। इससे मुंबई, नवी मुंबई, पुणे और गोवा की ओर आवाजाही अधिक सुगम होने वाली है।एमएमआरडीए के अनुसार, चिर्ले और पलस्पे खंडों में निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।
चिर्ले खंड में 113 पाइल्स और 42 ओपन फाउंडेशन सहित नींव का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। कुल 155 में से 153 पिलर तैयार हैं। डेक स्लैब का काम 49 प्रतिशत पूरा हुआ है और 240 में से 117 स्पैन का निर्माण हो चुका है। रीइन्फोर्स्ड अर्थ (आरई) वॉल पैनल का काम 90 प्रतिशत तथा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का काम 85 प्रतिशत पूरा हो गया है।
वहीं, पलस्पे खंड में 21 पाइल-ग्रुप फाउंडेशन में से 15 का निर्माण पूरा हुआ है। यहां नींव का काम 71 प्रतिशत और पिलर निर्माण 38 प्रतिशत तक पहुंचा है। गर्डर कास्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि आरई वॉल पैनल का 90 प्रतिशत काम पूरा है। रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जारी है।
एयरपोर्ट, बंदरगाह और औद्योगिक क्षेत्रों को भी फायदा
यह कॉरिडोर केवल मुंबई-पुणे यात्रा को तेज करने तक सीमित नहीं है। इससे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंच बेहतर होगी। साथ ही मुंबई-पुणे-बेंगलुरु मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह की ओर जाने वाले NH-348 पर यातायात का बेहतर वितरण संभव होगा। इससे मालवाहक वाहनों और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की खास इंजीनियरिंग विशेषता इसका तीसरे स्तर का एलिवेटेड निर्माण है, जिसे मौजूदा सड़कों और पुलों के ऊपर विकसित किया जा रहा है। इससे उपलब्ध सड़क क्षेत्र का अधिकतम उपयोग करते हुए यातायात को निर्बाध रखने की योजना है।