कल्याण : पुलिस में शिकायत की सलाह देना पड़ा भारी... युवक पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या !
कल्याण : टिटवाला के पास म्हारल इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस में दर्ज कराने की सलाह देने वाले 30 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के म्हारल अनुसार, गांव के मालखन कंपाउंड निवासी रविंद्र अहिरे पर शुक्रवार रात आरोपियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इलाके के रहने वाले मुख्य आरोपी दीपक डांगे ने रविंद्र अहिरे की मुंहबोली बहन की नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की थी। पीड़ित लड़की ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी थी। इसके बाद लड़की की मां ने रविंद्र अहिरे को पूरी घटना बताई थी।
रविंद्र ने महिला को टिटवाला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी थी। इसी बात से आरोपी दीपक डांगे नाराज हो गया और उसने अपने साथियों विजय भिडे और परशुराम भिडे के साथ मिलकर रविंद्र की हत्या की साजिश रची। शुक्रवार रात तीनों आरोपी रविंद्र के पास पहुंचे और उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिए।
गंभीर रूप से घायल रविंद्र अहिरे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही टिटवाला पुलिस मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर मुख्य आरोपी दीपक डांगे समेत विजय भिडे और परशुराम भिडे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिग से छेड़छाड़ का विरोध करने और पुलिस में शिकायत की सलाह देने पर एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी, जिससे लोगों में डर और नाराजगी दोनों है।