Latest News

पैरिस : साल 2022 में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी की जांच का दायरा जैसे-जैसे बढ़ता जा रहा है वैस-वैसे कई बड़े लोग फंसते नजर आ रहे हैं। अब यूनियन ऑफ यूरोपियन फुटबॉल असोसिएशंस (UEFA) के पूर्व अध्यक्ष मिशेल प्लातिनी को मंगलवार को हिरासत में लिया गया है। फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलरों में शुमार प्लातिनी के प्रतिनिधियों ने हालांकि एक बयान में कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। प्लातिनी को 2007 में यूरोपीय फुटबॉल की संचालन संस्था का प्रमुख चुना गया था। वह 8 साल तक इस संस्था के प्रमुख रहे। 

2010 में हुई सीक्रेट मीटिंग 

फ्रांस फुटबॉल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पैरिस में 23 नवंबर 2010 को एक सीक्रेट मीटिंग रखी गई थी। इस बैठक में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी, प्लातिनी और कतर के तत्कालीन प्रिंस तमीम बिन हमाद अल थानी शामिल हुए थे। प्लातिनी तब UEFA के अध्यक्ष होने के अलावा फीफा के उपाध्यक्ष भी थे। इस बैठक के एक सप्ताह बाद ही कतर को 2022 फीफा वर्ल्ड कप मेजबानी अधिकार सौंप दिए गए। कतर को विश्व कप की मेजबानी सौंपने के फैसले से विवाद हो गया था क्योंकि भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच इसकी व्यावहारिकता पर सवाल उठाए गए थे। कतर को 2022 वर्ल्ड कप की मेजबानी सौंपने के मामले की जांच कर रही फ्रांस की भ्रष्टाचार रोधी पुलिस ने अब प्लातिनी को हिरासत में लिया। 

4 साल के लिए लगा था फुटबॉल से बैन 

प्लातिनी 2015 तक UEFA के प्रमुख रहे जब उन्हें नैतिक आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए 4 साल के लिए फुटबॉल से प्रतिबंधित कर दिया गया था। उन पर फीफा के पूर्व दागी प्रमुख सैप ब्लाटर से 20 लाख डॉलर लेने का आरोप भी था। 

फीफा अध्यक्ष बनने की थी उम्मीद

तीन बार बैलन डिओर खिताब जीतने वाले प्लातिनी के 2016 में ब्लाटर की जगह फीफा अध्यक्ष बनने की उम्मीद थी लेकिन इसके बाद वह विवादों में फंस गए और तब से खुद को पाक साफ साबित करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 

कतर पर वोट खरीदने का आरोप

कतर पर विश्व कप की मेजबानी हासिल करने के लिए वोट खरीदने का आरोप लगा था और इसके बाद अमेरिका के स्वतंत्र जांचकर्ता माइकल गार्सिया की रिपोर्ट में कई संदिग्ध वित्तीय लेने-देन का खुलासा हुआ। इनमें से कई सेंड्रो रोसेल से जुड़े थे जो बार्सिलोना के पूर्व अध्यक्ष थे। रोसेल ने कतर के सलाहकार की भूमिका निभाई थी। 

मिशेल फ्रैंकोइस प्लातिनी का जन्म 21 जून 1955 को फ्रांस में हुआ था। वह अटैकिंग मिडफील्डर के तौर पर खेलते थे। उन्होंने अपने करियर में फ्रांस, युवेंट्स, सैंट-एटिएन, नैंसी और एएस जोएफ टीमों का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 1983, 1984 और 1985 में लगातार तीन बार सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर बैलन डिओर का खिताब जीता। उनके नाम 72 इंटरनैशनल मैचों में 41 गोल दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 580 क्लब मैचों में 312 गोल दागे। वह 1988 से 1992 तक फ्रांस टीम के कोच भी रहे। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement