Latest News

मुंबई : सीपीआईएम की केरल इकाई के सचिव के बेटे के खिलाफ मुंबई की एक महिला ने बलात्कार और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। महिला का दावा है कि दोनों के एक संतान भी है। इस पर आरोपी बिनोय विनोदिनी कोदियेरी ने महिला के आरोपों को खारिज करते हुए इसे ब्‍लैकमेल करने की साजिश बताया है। 33 वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में सीपीआईएम की केरल इकाई के सचिव कोदियेरी बालाकृष्णन के बेटे बिनोय कोदियेरी पर शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में 13 जून को एफआईआर दर्ज की थी। 

आईजी कन्‍नूर के यहां दाखिल जवाबी अर्जी 

लेकिन इसके जवाब में बिनोय ने आईजी कन्‍नूर रेंज के यहां एक याचिका दाखिल करके कहा है कि महिला ने जो दस्‍तावेज पेश किए हैं वे सभी फर्जी हैं। बिनोय का आरोप है कि महिला उससे पांच करोड़ रुपयों की मांग कर रही है। वहीं महिला का कहना है कि उसे यह धनराशि अपने बच्‍चे की देखभाल के लिए चाहिए। 

पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि बिनोय कोदियेरी उसके बच्‍चे का पिता है। ओशिवारा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक शैलेश पासवान ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

दुबई में हुई थी मुलाकात 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला का कहना है कि वह आरोपी से दुबई में मिली थी जहां वह एक बार डांसर थी। बिनोय यहां अक्‍सर आता था। बिनोय ने उससे अपनी नौकरी छोड़ने को कहा साथ ही शादी का वादा भी किया। साल 2010 में वह मुंबई आ गई जहां वह उस फ्लैट में रहने लगी जिसे बिनोय ने किराए पर लिया था। बिनोय यहां अक्‍सर आता जाता था। महिला ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि दोनों की शादी 18 अक्‍टूबर 2009 को हुई थी। इसके बाद उसने 22 जुलाई 2010 को बच्‍चे को जन्‍म दिया। 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला मूलत: बिहार की रहने वाली है। उसके एक आठ साल का बेटा है। पिछले साल जब उसे पता चला कि बिनोय पहले से शादीशुदा है तो उनके संबंध खराब हो गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि बिनोय ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है। 

पहले भी मुसीबत में फंसा है बिनोय 

पिछले साल भी बिनोय ने सीपीआईएम के लिए मुसीबत खड़ी की थी जब उसका नाम धोखाधड़ी के एक मामले में सामने आया था। दुबई की एक ट्रैवल फर्म ने आरोप लगाया था कि बिनोय उसे उधार लिए हुए पैसों का भुगतान नहीं कर रहा है। इसके बाद दुबई की अदालत ने बिनोय के दुबई आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।  


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement