हिंदुस्थान का है वर्ल्ड कप! : अन्य टीमों की तुलना में बेहतर टीम
मुंबई : हिंदुस्थान सहित अन्य नौ देशों की नजर इंग्लैंड में चल रहे है वर्ल्ड कप पर टिकी हुई है। सभी देश वर्ल्ड कप अपने घर ले जाना चाहते हैं लेकिन सट्टा बाजार की बात करें तो यह वर्ल्ड कप केवल हिंदुस्थान के घर आना तय हैं क्योंकि सट्टा बाजार में सबसे अधिक पैसा हिंदुस्थान की जीत पर लगा है। सट्टा बाजार के कुछ बुकियों को हाल-फिलहाल में खड़कपाड़ा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था, उन्होंने भी इस बात की पुष्टि की है। इतना ही नहीं हिंदुस्थान ही वर्ल्ड कप जीते अफगान भी यही दुआ कर रहा है।
बता दें कि वर्ष २०१९ का वर्ल्ड कप इंग्लैंड में चल रहा है। सभी १० देश जी-जान लगाकर मैच खेल रहे हैं। क्रिकेट की बात करें और सट्टा बाजार का जिक्र न हो, ऐसा कभी हुआ है क्या? कई लोगों का मानना है कि जो सट्टा बाजार चाहता है, वही असलियत में भी होता है। मौजूदा समय में चल रहे वर्ल्ड कप और सट्टा बाजार के अनुसार यह वर्ल्ड कप सिर्फ और सिर्फ हिंदुस्थान का ही है। सट्टा बाजार के कुछ सूत्रों से बातचीत में पता चला है कि हिंदुस्थान की ओपनिंग जोड़ी और गेंदबाजी अटैक पर सबसे अधिक सट्टा लगता है क्योंकि हिंदुस्थान इन दोनों में अन्य टीमों से बेहद मजबूत है और कोई भी टीम हिंदुस्थान को हरा पाने की क्षमता नहीं रखती है। खड़कपाड़ा पुलिस द्वारा गिरफ्तार तीनों बुकियों से की गई पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर हिंदुस्थान के ५ बल्लेबाज और दो गेंदबाज पर सबसे अधिक पैसा लग रहा है। अन्य टीमों की तुलना में हिंदुस्थान बेहतर टीम है और सट्टा बाजार के आधार पर हमेशा बेहतर टीम ही वर्ल्ड कप जीतेगी। अगर हिंदुस्थान के बाद कोई और टीम को जीतने का मौका है तो वह है इंग्लैंड। इंग्लैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया और उसके बाद न्यूजीलैंड को जीतने का मौका है। साथ ही सट्टा बाजार का कहना है कि फाइनल न्यूजीलैंड और हिंदुस्थान के बीच ही होगा।