पत्रकारों पर भड़के नारायण राणे
मुंबई : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे अपने बेटे कांग्रेस विधायक नितेश राणे की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल पर भड़क गए। नितेश राणे की गिरफ्तारी के बाद माफी मांगने वाले नारायण राणे ने पत्रकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देख रहा हूं कि क्या- क्या दिखाया जा रहा है। अब आंदोलन कैसे किया जाए ये अब पत्रकारों से सीखना होगा? राज्यसभा सांसद नारायण राणे अपने बेटे नितेश राणे से मुलाकात करने दिल्ली से सिंध दुर्ग कणकवली पहुंचे थे। नारायण राणे पूरे परिवार के साथ दोडामार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान नारायण राणे ने मीडिया से सीधे मुंह बात करने से भी इनकार कर दिया और सिर्फ इतना ही कहा कि दो दिन से सब देख रहा हूं। आपको बता दें कि कांग्रेस विधायक नितेश राणे को अपने समर्थकों के साथ कणकवली में एक इंजीनियर पर कीचड़ फेंकने और बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना तब हुई थी, जब नितेश राणे के साथ कणकवली नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जुड़े महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी (एमएसपी) के कार्यकर्ता गढ़ नदी पर बने पुल के एक हिस्से पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखने गए थे। इंजीनियर पर कीचड़ फेंकने और बदसलूकी करने के मामले में नितेश राणे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता यानी आईपीसी की धारा 353, 342, 332, 324, 323, 120 (ए), 147, 143, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने नितेश राणे और महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी (एमएसपी) के पांच कार्यकर्ताओं को बीते गुरुवार को गिरफ्तार किया है।