रोहित शर्मा के बाद बरसा मयंक अग्रवाल का बल्ला
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का पहला दिन रोहित शर्मा के नाम रहा था। उन्होंने बेजोड़ सेंचुरी लगाई थी, जबकि दूसरे दिन का पहला सत्र मयंक अग्रवाल के नाम रहा। भारत में अपना पहला टेस्ट खेल रहे इस ओपनर ने दूसरे दिन के पहले सत्र में शतक पूरा किया। इस तरह एक ही पारी में अब दोनों ओपनरों के नाम शतक हो गया है। भारत की ओर से ऐसा 10वीं बार हुआ है, जब एक पारी में ओपनिंग जोड़ी ने शतक लगाया है। आखिरी बार शिखर धवन और मुरली विजय की जोड़ी ने अफगानिस्तान के खिलाफ 2018 में बेंगलुरु टेस्ट में किया था। दूसरे दिन का खेल जब शुरू हुआ तो मयंक अग्रवाल शतक से 16 रन दूर थे, जिन्हें बनाने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने अपना 100वां रन 69वें ओवर में बनाया। भारतीय ओपनर ने केशव महाराज को सिंगल लेकर भारत में पहला शतक पूरा किया। 3 अंकों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्होंने 204 गेंदों का सामना किया। यह उनके टेस्ट करियर का भी पहला शतक है, जो 8वीं पारी में आया है। इससे पहले उनका बेस्ट स्कोर 77 रन था, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में बनाया था।
इससे पहले, बुधवार को भारत ने 59.1 ओवर में बिना विकेट खोए 202 रन बनाकर बेहतरीन शुरुआत की थी। चाय के विश्राम के दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद तीसरे सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। अंपायरों ने तीन बजकर 30 मिनट पर दिन का आगे का खेल रद्द करने का फैसला किया। रोहित (174 गेंद में नाबाद 115) और मयंक अग्रवाल (183 गेंद में नाबाद 84) नाबाद लौटे थे। इसी स्कोर के आगे आज का खेल शुरू हुआ। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों का सतर्कता से सामना करने के बाद रोहित और अग्रवाल ने विष्फोटक बैटिंग शुरू की। टेस्ट में पहली बार ओपनिंग कर रहे रोहित शर्मा ने पहले दिन टेस्ट करियर का चौथा सैकड़ा पूरा किया था।