झारखंड में लड़की से छेड़छाड़ करने पर व्यक्ति की हत्या
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में एक लड़की से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाले व्यक्ति की तीन लोगों ने हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महाता ने बताया कि घटना 28 अक्टूबर की शाम को तब हुई जब मोहम्मद इस्माइल नामक व्यक्ति 'हड़िया (चावल की शराब) पीने के लिये गुलुरुआ गांव गया था। इस्माइल राजमिस्त्री था। एसपी ने बताया कि इस्माइल ने एक व्यक्ति की बहन से कथित तौर पर छेड़छाड़ की। इससे गुस्साए व्यक्ति ने दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से मार-मारकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शव को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक कुएं में फेंक दिया था। एसपी ने बताया कि सभी तीनों आरोपियों को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एसपी ने बताया कि इस्माइल पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज पुलिस थाना क्षेत्र का निवासी था।