Latest News

गुरुग्राम: गुरुग्राम के एक बार में छेड़खानी का विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है. ये पूरा मामला वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया. सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित की शिकायत पर गुरुग्राम की सदर बाजार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वारदात 10 और 11 नवंबर की रात करीब साढ़े बारह बजे की है. घटना स्थल को स्पेशल चैम्बर के नाम से जाना जाता है और इसे वहां के लोग अहाता भी कहते हैं. पीड़ित का कहना है कि 10 नवंबर की रात करीब 10 बजे वो अपने परिवार के साथ गया था, साथ में पीड़ित का करीब 10 साल का बेटा भी था. पीड़ित का बेटा दिव्यांग है. पीड़ित के मुताबिक जब लोग वहां बैठे थे तभी उनके बगल की सीट पर करीब 5 से 6 लड़के आकर बैठ गए और पीड़ित की पत्नी के साथ अभद्र भाषा में बात करने लगे.

पीड़ित के मुताबिक इसके बाद जब ये लोग वहां से जाने के लिए उठे तो एक लड़का उनकी पत्नी के पास आया और गलत तरीके से छूते हुए चला गया. इसके बाद जब उन्होंने विरोध किया तभी किसी ने पीछे से आकर इनके सर पर बोटल दे मारी. उस वक्त उनकी गोद मे उनका बेटा था जो गिर गया, पर गनीमत रही कि उसे चोट नहीं आई. इसके बाद वहां पर काफी मारपीट हुई. बोतल लगने की वजह से पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई और उनके सिर में 5 टांके आए.

महिला का कहना है कि उन लोगों ने बहुत देर तक उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब हद हो गई तब उन लोगों ने विरोध किया. पुलिस का कहना है कि उन्हें जो पहली शिकायत मिली थी उसमें छेड़छाड़ की बात नहीं थी. यही कारण है कि मामले में मारपीट और अभद्र भाषा के इस्तेमाल की धारा लगाई गई थी, लेकिन बाद में 13 नवंबर को पीड़ित महिला थाने पहुंची और छेड़छाड़ की शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले में छेड़छाड़ की धारा जोड़ ली. पुलिस का कहना है कि वो पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की पहचान हो चुकी है.


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement