मुंबई : होम क्वारंटाइन का समय 7 दिन
मुंबई : केंद्र सरकार के सुझाव पर अमल करते हुए बीएमसी ने कोरोना मरीजों की पॉलिसी में बदलाव किया है. अब जिस मरीज में कोरोना का हल्का लक्षण रहेगा अथवा लक्षण नहीं होगा ऐसे मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज करने के बाद सिर्फ 7 दिन होम क्वारंटाइन में रहना है.
बीएमसी की नई पालिसी के अनुसार जिन मरीजों में कोरोना के लक्षण नहीं होंगे ऐसे मरीज को लक्षण शुरु होने के 7वें, 8वें और 9वें दिन बुखार नहीं आने पर 10 वें दिन अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाएगा. ऐसे मरीजों को अस्पताल से छुट्टी देते समय कोरोना वायरस की जांच करना जरूरी नहीं होगा. मरीजों के हाथ पर सिर्फ 7 दिन के लिए होम क्वारंटाइन की मुहर लगेगी. इस बीच यदि दुबारा लक्षण दिखाई देते हैं तो वे बीएमसी अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं.मध्यम लक्षण और तीव्र लक्षण वाले मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर डिस्चार्ज दिया जाएगा.ऐसे मरीजों की भी डिस्चार्ज करते समय कोरोना जांच की आवश्यकता नहीं होगा. तीव्र लक्षण वाले मरीजों की एक रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज किया जा सकेगा. मरीजों को डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह का पालन करना जरुरी होगा.
मुंबई में 24 घंटे के दौरान कोरोना के 791 नये मरीज मिले हैं. 20 लोगों की मौत के साथ कोरोना से मरने वालों की संख्या 528 हो गई है. मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या 14,521 हो गई है. धारावी में सोमवार को भी कोरोना के 57 नये मरीज मिलने के साथ मरीजों आंकड़ा 916 हो गया है. अब तक 39 मरीजों की मौत हो चुकी है.