मूलभूत परियोजनाओं पर जोर पेट्रोल, डीजल टैक्स में कटौती!
मुंबई, कोरोना संकट के कारण राजस्व आय में आई ५० फीसदी की गिरावट, केंद्र पर २९,००० करोड़ रुपए के जीएसटी बकाए के परिप्रेक्ष्य में वित्त मंत्री अजीत पवार आज दोपहर २ बजे राज्य का बजट पेश करेंगे। बजट में राज्य की मूलभूत परियोजनाओं पर जोर देते हुए पेट्रोल, डीजल के टैक्स में कटौती होकर महंगाई के संकट से राहत मिलेगी क्या, इस पर राज्य की जनता का ध्यान लगा है।
राज्य के बजट सत्र के दूसरे सप्ताह के पहले दिन कल विधानसभा में बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्रालय ने कहा कि कोरोना संकट के मद्देनजर, राज्य सरकार को ज्यादा से ज्यादा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, साथ ही अधिक रोजगार सृजन करना चाहिए। यह आज पेश होनेवाले बजट में परिलक्षित होगा। बजट में शहरी के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों, मेट्रो परियोजनाओं, सिंचाई परियोजनाओं के लिए पर्याप्त प्रावधान होंगे। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मुद्रास्फीति तेजी से बढ़ी है। केंद्र सरकार से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। कुछ दिन पहले, वित्त मंत्री अजीत पवार ने कहा था कि राज्य सरकार ऐसी स्थिति में लोगों को राहत देने के बारे में सोच रही है। इसलिए लोग पेट्रोल और डीजल करों को कम करके इस बजट में राहत की उम्मीद कर रहे हैं। अगर राज्य सरकार करों में कटौती करती है तो पेट्रोल २ रुपए और डीजल १ रुपए कम होने की संभावना है।
किसानों को राहत
राज्य में कृषि क्षेत्र ने भी कोरोना संकट में राहत दी है। कृषि क्षेत्र की आय में ११.७ प्रतिशत वृद्धि हुई है, जिसका लाभ किसानों मिलेगा। इसके साथ ही बजट में सौर कृषि पंपों के लिए प्रोत्साहन राशि, अखंडित बिजली की आपूर्ति, गुणवत्तापूर्ण बीज के साथ-साथ किसान कर्जमाफी योजना के तहत ऋणों का समय पर पुनर्भुगतान करनेवालों को प्रोत्साहन निधि देने का प्रावधान किए जाने की संभावना है।