मुंबई में भयंकर सड़क हादसे में जिदा जल गया गड़खा का युवक
मुंबई : मुंबई में भयंकर सड़क हादसे में गड़खा थाना क्षेत्र के मैकी गांव के एक युवक की जिंदा जल जाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र के मैकी गांव निवासी शैलेंद्र सिंह का 30 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार सिंह के रूप में की गई। मिली जानकारी के अनुसार मुकेश मुंबई के एक केमिकल फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री से ट्रॉली वाले ट्रक पर लदे केमिकल टैंक को हैदराबाद पहुंचाने के लिए वह मुंबई स्थित फैक्ट्री परिसर से गुरुवार की सुबह चला था। ट्रॉली ट्रक अभी कुछ ही किमी गया था कि हाईवे पर ईंट लदे एक ट्रक ने उसमें पीछे से ठोकर मार दी, जिससे भयानक आग लग गई। केमिकल लोड होने के कारण आग ने तुरंत भयानक रूप धारण कर लिया था। राहत और बचाव की कही से कोई उम्मीद नहीं थी। इस घटना में दोनों गाड़ियां जल गई। जिसमें चालक गंभीर रूप से झुलस गया। जबकि मुकेश उसमें जिदा जल गया। साथी कर्मचारियों ने स्वजनों को दी घटना की सूचना : सड़क हादसे में मुकेश के जिदा जल जाने से हुई मौत की मनहूस खबर उसके साथी कर्मचारियों ने स्वजनों को दी। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। स्वजनों की रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और फिर साथी कर्मचारियों से फोन पर बात की। इसके बात पूरी बात समझ में आई। पिता शैलेंद्र सिंह, माता कांति देवी, पत्नी सरिता देवी सहित भाई एवं दो बच्चों का रो -रो कर बुरा हाल हो रहा है। मां और पत्नी रोते- रोते अचेत हो जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार मुकेश काफी मिलनसार स्वभाव का लड़का था और अपने परिवार का एकलौता कमाने वाला सदस्य था। इनसेट सड़क दुर्घटना में चाचा की मौत, भतीजा घायल संसू, गड़खा : गड़खा-मानपुर मुख्य मार्ग पर इस्माइलपुर गढ़वाल टोला के समीप बाइक की चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए, जिसमें एक की मौत इलाज के दौरान हो गई। एक अस्पताल में इलाजरत है। जानकारी के अनुसार बाइक की चपेट में आने से इस्माइलपुर निवासी लालबाबू सिंह की मौत हो गई, जबकि भतीजा का इलाज चल रहा है। इस संबंध में मृतक की पत्नी धर्मशीला देवी ने गड़खा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसमें कहा कि अपने पति लालबाबू सिंह और भतीजा सनी कुमार गुरुवार की सुबह में टहल रहे थी। उसी दौरान परसा गांव निवासी नवीन कुमार सिंह उर्फ छोटू काफी तेज गति से बाइक लेकर आया और ठोकर मार दिया। जिसमें लालबाबू सिंह और सनी कुमार जख्मी हो गए। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से लालबाबू सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया एवं सनी कुमार का इलाज गड़खा सीएचसी भर्ती कराया गया। लालबाबू का प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।