बाज नहीं आ रही जनता, कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाने का सिलसिला जारी
मुंबई : मुंबई में लगातार बढ़ते कोरोना मामलों के बावजूद मुम्बईकर कोरोना नियमों का उल्लंघन करने से बाज नही आ रहे। मुम्बई के अलग-अलग इलाकों में न सिर्फ भीड़ होने का सिलसिला जारी है, बल्कि यह भीड़ न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रही है और न ही मास्क का इस्तेमाल। इतना ही नही, तमाम चीजों की जानकारी के बावजूद प्रशासन कार्रवाई करने के बजाय उदासीन नजर आ रहा है। मुम्बई में कोरोना के आंकड़े हर दिन बदल रहे हैं, लेकिन नहीं बदल रहा है तो कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाने का सिलसिला। कोरोना नियमों के उल्लंघन और लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही का ही परिणाम है कि मुम्बई में हर दिन कोरोना आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। दादर की सब्जी मंडी में कोरोना नियमों के उल्लंघन का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा, जहां और दिनों के मुकाबले ज्यादा भीड़ दिखी। इस भीड़ में न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता दिखा और न ही ज्यादातर लोग मास्क लगाए नजर आए। मुम्बई में हर दिन कोरोना के आंकड़े बढ़ते ही जा रहे हैं। पिछले 9 दिनों की बात करें, तो करीब 13456 कोरोना मामले मुम्बई में सामने आए हैं, जबकि 40 मरीजों की मौत हुई है। मुम्बई में कोरोना बढ़ने की दर 0.39 फीसदी आंकी गई है। इन मामलों के बाद भी प्रशासन बिल्कुल भी उदासीन बना बैठा हुआ है। दादर सब्जी मंडी की तस्वीरें इसी बात की गवाही दे रही हैं, जहां न तो बीएमसी के मार्शल नजर आए और न ही मुम्बई पुलिस के जवान। इस बारे के मुम्बई मेयर किशोरी पेंडणेकर से सवाल किया, तो उन्होंने माना कि कोरोना केसेज बढ़ रहे हैं।