नए मरीजों की संख्या १,५०० के नीचे, कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक!
मुंबई, कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी, लेकिन अब कोरोना पहले की तरह कंट्रोल में आ रहा है। शनिवार को दो महीने ५ दिन बाद मुंबई में कोरोना के नए मरीजों की संख्या १,५०० के नीचे आई। कुल १,४४७ नए मरीज मिले जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या इससे लगभग दोगुनी है। मतलब साफ है कि कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है।
फरवरी से शुरू हुई कोरोना की दूसरी लहर की रोकथाम के लिए मनपा ने नीतिगत तरीके से काम किया, उसका परिणाम भी नजर आने लगा है। अब कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से घटाने लगी है, इससे मुंबईकरों ने भी राहत की सांस ली है। मनपा की रिपोर्ट के अनुसार १० मार्च को मुंबई में १,५३९ मरीज मिले थे। तब मुंबई में कुल ३,३७,१२३ मरीजों की संख्या थी। ११,३७९ एक्टिव मरीज थे और कुल ११,५११ मरीजों की मौत हो चुकी थी। शनिवार को आई रिपोर्ट के अनुसार १,४४७ नए मरीज मिले हैं और २४ सौ मरीज ठीक हुए हैं। दिनभर में ६२ लोगों की मौत हुई है। कुल ३६,६७६ एक्टिव मरीज बचें हैं। अब तक कुल मरीजों की संख्या ६,८७,१५२ हो गई है तो वहीं ६,३४,३१५ मरीज ठीक हुए हैं और १४,२०० मरीजों की मौत हो चुकी है।