बीएमसी में विपक्ष का नेता तलाशने में जुटा शिवसेना उद्धव गुट
मुंबई : महानगरपालिका (बीएमसी) में भाजपा और शिवसेना (शिंदे) को बहुमत मिलने के बाद एवं अपने महापौर बनने की सभी संभावनाओं के बाद शिवसेना (उद्धव) ने अब विपक्ष के नेता के पद के लिए उम्मीदवार की तलाश शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उद्धव गुट इस अहम पद के लिए अपने भरोसेमंद और अनुभवी नेता को आगे लाना चाहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उम्मीदवार चयन की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है।
जल्द ही उम्मीदवार की खोजबीन कर इसकी जानकारी पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को दी जाएगी। शिवसेना (उद्धव) के एक वरिष्ठ नेता ने 'दैनिक भास्कर' को बताया कि इस समय बीएमसी में विपक्ष में सबसे बड़ा दल उद्धव गुट से है। इसलिए विपक्ष का नेता भी हमारा ही बनेगा। इस नेता ने यह भी कहा कि पार्टी ने विपक्ष के नेता को खोजने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अनिल परब, अनिल देसाई और संजय राऊत को अहम जिम्मेदारी दी है। ये तीनों नेता संभावित नामों पर मंथन कर रहे हैं और जल्द ही उपयुक्त उम्मीदवार का चयन करेंगे। सूत्रों का कहना है कि उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला उद्धव ठाकरे की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा।
माना जा रहा है कि विपक्ष के नेता का चयन बीएमसी में आगामी रणनीति और सत्ताधारी दलों को घेरने के लिहाज से काफी अहम होगा। खबर है कि विपक्ष का नेता कौन हो इसको लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) से भी बात की जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस से चर्चा होगी। गौरतलब है कि पार्टी ने पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर को बीएमसी में पार्टी का गुट नेता बनाया है।