जहरीली गैस ने ली तीन की जान
मुंबई : नालासोपारा के निलेमोरे गांव के आनंद व्यू अपार्टमेंट के सेफ्टिक टैंक की सफाई के लिए टंकी में उतरे तीन मजदूर की दम घुटने से मौत हो गई। बिना किसी सुरक्षा उपकरणों के सेफ्टिक टैंक में कर्मचारी उतरे थे। नालासोपारा पुलिस ने फायर ब्रिगेड के टीम की मदद से शवों को बाहर निकाला और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बिल्डर और सुपरवाइजर पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक नालासोपारा पश्चिम के निलेमोरे गांव स्थित विनय कॉम्प्लेक्स आनंद व्यू अपार्टमेंट में सुनील चावरिया (२५), विका कसन (३०) और प्रदीप सरवटे (२५) ने २५ हजार रुपए में सेफ्टी टैंक की सफाई का ठेका लिया था। गुरुवार को आधी रात १२.३० बजे के करीब सेफ्टिक टैंक की सफाई करने के लिए सुनील चावरिया पहले टंकी में उतरता है, जहां उसका दम घुटने लगता है उसकी जान बचाने के लिए विका और प्रदीप भी टंकी में उतरते हैं लेकिन जहरीली गैस का अधिक दबाव होने के कारण तीनों की कुछ ही मिनटों में मौत हो जाती है। इसी तरह नालासोपारा पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। हालांकि मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। तीसरी घटना तुलिंज पुलिस स्टेशन अंतर्गत अलकापुरी इलाके से रेलवे लाइन से सटे नाले से विरार निवासी अविनाश मनोहर दुधानी (३६) का शव बरामद किया है। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाल कर जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया है। वसई जीआरपी को आशंका है कि अविनाश की मौत की वजह चलती ट्रेन से नीचे गिरना हो सकता है। मौके से मृतक के पास से रेलवे टिकट, मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिससे उसकी पहचान की गई।