ठाणे में ३,५०० जर्जर इमारतों का होगा पुनर्विकास
ठाणे : ठाणे में अब जर्जर इमारतों का क्लस्टर विकास होगा। विधानसभा चुनाव से पहले ठाणे में क्लस्टर योजना लागू की जाएगी। सरकार ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। शिवसेना के सतत प्रयासों के चलते इस योजना से साढ़े तीन हजार से अधिक जर्जर इमारतों का पुनर्विकास होगा।
बता दें कि ठाणे शहर में साढ़े तीन हजार से अधिक जर्जर इमारतें मौजूद हैं, जिनमें लाखों की संख्या में नागरिक जान हथेली पर रखकर जीवन जी रहे हैं। इन्हीं इमारतों के पुनर्विकास के लिए पिछले १५ वर्षों से शिवसेना प्रयासरत थी। आखिरकार सरकार ने इस योजना को हरी झंडी दे दी है किंतु न्यायालय में मामला अटका होने के चलते इस योजना की शुरुआत अब तक नहीं की जा सकी थी। कल ठाणे मनपा आयुक्त संजीव जयस्वाल ने विधानसभा चुनाव से पहले इसके शुरू होने की घोषणा सदन में की। इस योजना के तहत शुरुआत में ३१६ हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जानेवाला है, जिसमें कोपरी, राबोड़ी, टेकड़ी, बंगला, हाजरी, किसन नगर और लोकमान्य नगर का समावेश है। ठाणे शहर में क्लस्टर योजना के लिए कुल ४४ नक्शे तैयार कर लिए गए हैं, जिनके तहत कुल १ हजार ४८९ हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जानेवाला है। क्लस्टर योजना जल्द से जल्द शुरू हो इसलिए ठाणे मनपा द्वारा स्वतंत्र कक्ष का निर्माण किया गया है।