मुंबई : मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने महाजनादेश यात्रा के दौरान पुणे में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा में आगे से मेगा भर्ती नहीं होगी, केवल भर्ती शुरू रहेगी। पूर्व सांसद  उदयन राजे भोसले के राकांपा से भाजपा में प्रवेश के बाद अब पार्टी में और कौन शामिल होने जा रहा है? इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में   भर्ती शुरू रहेगी। उन्होंने  कहा कि महाजनादेश यात्रा ने अभी तक 3018 किलोमीटर की यात्रा पूरी की है। 107 विधानसभा क्षेत्रों से यह यात्रा पहुंची है।

बारामती में मुख्यमंत्री की सभा में व्यवधान डालने की कोशिश की गई। इस पर उन्होंने कहा कि क्या बारामती में दूसरी पार्टी सभा नहीं ले सकती? आप हमारे शहर में आओ, सभा  लो, हम पूरा सहयोग करेंगे। सिर्फ सात कार्यकर्ता को लेकर सभा को बाधित करने का प्रयास किया गया, पुलिस देखकर वे भाग खड़े हुए। वहां लाठीचार्ज नहीं हुआ। राकांपा के बारे में  मुख्यमंत्री ने कहा कि उसकी अवस्था अंगूर खट्टे हैं, जैसी है। जब उदयन राजे राकांपा में थे, तो उनमें उन्हें कोई दोष नजर नहीं आ रहा था, लेकिन पार्टी छोड़ने के बाद उनमें दोष   दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज उदयन राजे के भाजपा में शामिल होने पर बड़ी खुशी हुई है।

सातारा लोकसभा क्षेत्र से वे फिर भाजपा की टिकट पर चुनकर विजयी होंगे। सीएम ने कहा कि पोस्टरबाजी करना गलत है। मैंने भाजपा पदाधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि  होर्डिंगबाजी करने से टिकट नहीं मिलता है। काम देखकर टिकट मिलता है। उन्होंने कहा कि महाजनादेश यात्रा को पश्चिम महाराष्ट्र सहित राज्य के सभी जगहों पर अभूतपूर्व प्रतिसाद  मिला है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार और राज्य की भाजपा महायुति की सरकार के कामों से जनता संतुष्ट है, ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में जनता महायुति  को अभूतपूर्व विजय प्रदान करेगी। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल, जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन, राज्यमंत्री बाला भेगडे, सांसद गिरीश बापट, संजय  काकडे, विकास महात्मे, पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश गोगावले, प्रदेश सचिव राजेश पांडे उपस्थित थे।

आरे में मेट्रो कारशेड बनाने का शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे विरोध कर रहे हैं? इस सवाल पर सीएम ने कहा कि पेड़ों की कटाई हमें मंजूर नहीं, हमारी सरकार ने वृक्षारोपण और   पेड़ों के संरक्षण के लिए सबसे ज्यादा काम किया है, लेकिन आदित्य ठाकरे को वस्तु स्थिति समझनी होगी। आरे में कारशेड बनाने को लेकर सुझाव मांगे जाने पर 13,000  आपत्तियां आईं और उनमें से 10,000 बैंगलौर की एक ही वेबसाइट से आईं। हमें यह समझने की जरूरत है कि कारशेड परियोजना का विरोध करने वालों के पीछे कौन लोग हैं और  उनके दिमाग में क्या छिपा है। कारशेड को लेकर सुप्रीम कोर्ट में केस चला। सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया कि यह वन जमीन नहीं है, वहां कोई जैव विविधता नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के  फैसले के अधीन रहकर मेट्रो का काम चालू है। इस परियोजना के लिए रकम देने के पूर्व जापान ने एक वर्ष पर्यावरण संबंधी अध्ययन किया। कारशेड बनाने के पहले 23,000 पेड़  लगाए गए और अभी नए 13,000 पेड़ लगा रहे हैं। मेट्रो कार्बन फुटप्रिंट कम करने वाली परियोजना है और कुलाबा से सीप्ज मेट्रो से जितना प्रदूषण कम होगा और इस प्रमाण में  कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए मुंबई में दो करोड़ पेड़ लगाने होंगे। इस विषय पर हम आदित्य ठाकरे से चर्चा करेंगे।



Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement