Latest News

नवी मुंबई : वाशी के एपीएमसी स्थित थोक प्याज-लहसुन मंडी में गुरुवार को 7 से 10 रुपये तक की वृद्धि होने से प्याज के थोक दाम 40 से 43 रुपये प्रति किलो हो गए। अभी 5 दिन पहले शनिवार को प्याज के थोक दाम 28 से 33 रुपये प्रति किलो थे। बीते करीब दो महीने से प्याज की कीमतों में लगातार वृद्धि होती जा रही है। प्याज के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता के किचन का बजट भी अब बिगड़ने लगा है।

वाशी मंडी के थोक आलू-प्याज व्यापारी (और लिम्का बुक ऑफ रेकॉर्ड होल्डर) मनोहर तोतलानी ने बताया कि यदि प्याज के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो जल्द ही प्याज अपने पुराने महंगे रेकॉर्ड को तोड़ सकती है। करीब 16 साल पहले जब केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी, तब प्याज के थोक दाम 45 रुपये किलो तक पहुंच गए थे। उस समय महंगी हुई प्याज ने राज्य की कई सरकारों को हिला कर रख दिया था। उस समय देश को ईरान व इराक तक से प्याज का आयात करना पड़ा था। तोतलानी ने बताया कि मौजूदा स्थितियों को देखते हुए अगले सप्ताह सोमवार या मंगलवार को प्याज के थोक दाम 50 रुपये प्रति किलो तक जा सकते हैं।


Social Media Presence