पश्चिम उपनगर होगा जलजमाव मुक्त, मनपा खर्च करेगी २१ करोड़
मुंबई, पश्चिम उपनगर को जलजमाव मुक्त बनाने के लिए मनपा ने विकास योजना बनाई है। नए ड्रेनेज लाइन, पुराने ड्रेनेज लाइन को चौड़ा कर कंक्रीटकरण और नए चेंबर बनाने की योजना पर मनपा काम करेगी। इस काम के लिए मनपा २१ करोड़ रुपए खर्च करेगी। इस योजना से पश्चिमी उपनगर के निवासियों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।
सांताव्रुâज, अंधेरी, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर में यह काम किया जाएगा। पिछले कुछ वर्षों से मुंबई उपनगर में होनेवाली तेज बारिश में कई जगहों पर बड़े पैमाने पर पानी जमा हो जाता है। कुछ क्षेत्र समुद्री स्तर से भी नीचे हैं। ऐसे में भारी बारिश होने और समुद्र में हाईटाइड के दौरान वहां जमा पानी को समुद्र में छोड़ना मुश्किल होता है। इसी के साथ प्लास्टिक कचरे ड्रेनेज लाइन में जाम होने के चलते जमा पानी के निकासी की समस्या होती है, जिसे देखते हुए मनपा ने मुंबई में प्लास्टिक बंदी अभियान को प्रभावी तरीके से चलाया है। कई स्थानों पर पानी निकासी के लिए पंपिंग सेट लगाया गया है। कई ठिकानो पर नई ड्रेनेज लाइन बनाई जा रही है तो कुछ ड्रेनेज लाइनों की और क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। नतीजतन मनपा के आपातकालीन विभाग को मिलनेवाली शिकायतों की संख्या में भी कमी आई है।