Latest News

मुंबई : पिछले कुछ वर्षों से मुंबई और नई मुंबई में मैग्रोव्ज पर संकट मंडरा रहा है यानी इन मैग्रोव्ज पर होने वाले कचरा डंपिंग, अतिक्रमण और विकास कार्यों के कारण इनका अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। इसके साथ ही पर्यावरण का अस्तित्व भी खतरे में पड़ गया है। बताया जाता है कि प्लास्टिक, चिकित्सा अपशिष्ट और घरेलू कचरे ने मैंग्रोव्ज को संक्रमित कर दिया है। करावे जेट्टी परिसर में मैंग्रोव्ज की सफाई अभियान के दौरान भारी मात्रा में चिकित्सा अपशिष्ट पाए गए।

बता दें कि पर्यावरण प्रेमी, स्वयं सेवी संस्थाएं और स्थानीय नागरिक हर रविवार को करावे जेट्टी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाते हैं। इस सफाई अभियान के दौरान इस्तेमाल की हुई सिरिंज, रक्त के नमूने, प्लेटें और अन्य जैव-चिकित्सा सामग्री मिली। इसके अलावा मैंग्रोव्ज क्षेत्र में अतिक्रमण की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। इससे पहले भी पर्यावरणविदों ने मैंग्रोव्ज क्षेत्र से कचरा साफ किया था। इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

एनवायरनमेंट लाइफ फाउंडेशन के संस्थापक धर्मेश बराई ने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि मैंग्रोव्ज क्षेत्र में अब मेडिकल कचरा भी डंप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, २०१६ के अनुसार, इस तरह के कचरे को खुले में डंप करना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि कचरा फेंकने वाले संबंधित संस्थानों और व्यक्तियों का पता लगाना आवश्यक है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो कचरा फेंक रहे हैं।

जलवायु पर असर

मैंग्रोव्ज वनों में पेड़, झाड़ियां, ताड़ के पेड़, औषधीय पौधे और जमीन के पास उगने वाली प्रजातियां शामिल हैं। उनकी जड़ों का ऊपरी हिस्सा जटिल दिखता है, ये जड़ें एक बफर के रूप में काम करती हैं, जो ज्वार के पानी की गति को रोकती हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैंग्रोव्ज जलवायु परिवर्तन से निपटने में भी मदद करते हैं।

जलीय जीवों के लिए खतरा

मैंग्रोव्ज वनों में रहने वाले पक्षी, मछलियां और कीड़े-मकोड़े इस अपशिष्ट से संक्रमित हो सकते हैं। इससे कुछ प्रजातियों के विलुप्त होने का खतरा है। मानसून या उच्च ज्वार के दौरान यह अपशिष्ट समुद्र में बह जाते हैं। इससे जल प्रदूषण होता है और जलीय जीवों के लिए और भी बड़ा खतरा पैदा होता है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement